Thursday, December 8, 2016

इंडोनेशिया में फिर आए झटके, भूकंप से मरनेवालों की संख्या 102

वर्ष 2004 में भी विशानकारी सुनामी से असेह प्रांत बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

इंडोनेशिया में बुधवार (7 दिसंबर) को आए विनाशकारी भूकंप के बाद गुरुवार (8 दिसंबर) फिर से झटके महसूस किये गये जिससे कल (बुधवार, 7 दिसंबर) की त्रासदी में जीवित बचे लोग घबरा गये। कल (बुधवार, 7 दिसंबर) आये भूकंप में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार आये भूकंप से घायल हुये सैकड़ों लोगों के इलाज के लिए दवा और चिकित्सकों की तत्काल व्यवस्था करने की अपील की है। कल (बुधवार, 7 दिसंबर) आये 6.5 तीव्रता के भूकंप के कारण असेह प्रांत में सैकड़ों घर, मस्जिद और व्यावसायिक प्रतिष्ठान ध्वस्त हो गये। वर्ष 2004 में भी विशानकारी सुनामी से असेह प्रांत बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ था। खोज और बचाव कर्मी अपने उन्नत उपकरणों के साथ इस उम्मीद के साथ मलबे की खाक छान रहे हैं कि शायद इनमें कोई जीवित व्यक्ति मिल जाये। लेकिन समय गुजरने के साथ यह उम्मीद खत्म होती जा रही है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन से संबंधित एक एजेंसी के प्रवक्ता सुटोपो पुरवो नुगरोहो ने बताया कि इस तरह के उन्नत उपकरणों से मलबे में किसी के जीवित या मृत होने का आसानी से पता चल जाता है। उन्होंने बताया कि मृतकों की संख्या 102 तक पहुंच गई है जबकि इसके और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। हजारों की संख्या में सैनिक और आपात कर्मी प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने में लगे हुये हैं। राष्ट्रपति जोको विडोडो ने इंडोनेशिया के सभी लोगों से आपदा से प्रभावित प्रांत के अपने लोगों के लिए प्रार्थना करने के लिए कहा है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया, ‘असेह अकेला नहीं है’। भूकंप में घायल और बेघर हुये लोगों की देखभाल पर ध्यान दिया जा रहा है। असेह में सेना प्रमुख ततंग सुलैमान ने बताया कि सेना ने प्रभावित शहर मरूडु में रसोई, आश्रय स्थल और फील्ड अस्पताल की व्यवस्था की है।

http://www.jansatta.com/international/indonesia-shake-again-death-toll-reach-102-earthquake-impact/203221/

 

You may also like:

No comments :

Post a Comment